घर-घर में निशुल्क संपन्न होंगे गायत्री हवन-दीपयज्ञ जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से चैत्र के वासंतिक नवरात्र शक्ति संवर्धन अनुष्ठान...
घर-घर में निशुल्क संपन्न होंगे गायत्री हवन-दीपयज्ञ
जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से चैत्र के वासंतिक नवरात्र शक्ति संवर्धन अनुष्ठान के रूप में मनाया जाएगा। गायत्री परिवार के कार्यकर्ता घर-घर जाकर निशुल्क रूप से गायत्री यज्ञ संपन्न करवाएंगे। यज्ञ सम्पन्न करवाने के लिए गायत्री परिवार के प्रशिक्षित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। गायत्री परिवार के महिलाएं और युवा इकाई भी यज्ञ संपन्न करवाएगी। यज्ञ के साथ जन्म दिवस, पुंसवन, नामकरण सहित विभिन्न संस्कार भी निशुल्क संपन्न करवाए जाएंगे। कुंडीय यज्ञ के अलावा कई स्थानों पर दीपयज्ञ के आयोजन भी होंगे। उल्लेखनीय है कि गायत्री परिजन इन नौ दिनों में गायत्री मंत्र का लघु अनुष्ठान संपन्न करते हैं। इसके अन्तर्गत नौ दिनों में 24 हजार गायत्री मंत्र का जप करना होता है। एक ही समय अस्वाद भोजन सहित कई अनुशासनों का पालन करना होता है। ब्रह्मपुरी स्थित गायत्री शक्ति पीठ और सभी चेतना केन्द्रों पर सामूहिक रुप से नौ दिवसीय आयोजन होगा। नौ दिन तक यहां ध्यान-जप-हवन-मंत्र लेखन के आयोजन होंगे। गायत्री परिवार के राजस्थान जोन प्रभारी अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि 5 अप्रेल की शाम को नवरात्र अनुष्ठान का संकल्प करवाया जाएगा। 6 अप्रेल को सुबह पर्व पूजन होगा। पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में विश्व कल्याणार्थ आहुतियां अर्पित की जाएंगी। उधर, नव चेतना विस्तार केंद्र दुर्गापुरा स्थिति में सामूहिक नवरात्र साधना 6 से 14 अप्रेल तक होगी। संयोजक सुशील शर्मा ने बताया कि 6 अप्रेल को सुबह 6 बजे देव आह्वान के बाद 6.30 बजे सामूहिक ध्यान करवाया जाएगा। 7 से 7.30 बजे तक गायत्री मंत्र का सामूहिक जप होगा। 7.30 बजे से पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में विश्व कल्याणार्थ आहुतियां अर्पित की जाएंगी। शाम 7 बजे आरती होगी।
COMMENTS